सडक हादसा में दो की मौत, दारोगा व वकील समेत चार लोग घायल
जौनपुर जनपद मे रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में युवक व महिला की मौत हो गई। वही दारोगा व वकील समेत चार लोग घायल हो गए। पहली घटना बदलापुर घाटमपुर गांव के 30 वर्षीय पिंटू मौर्या शनिवार की रात बाइक पर दो मजदूरों को बैठाकर उनके घर बक्शा क्षेत्र के धनियामऊ छोड़ने जा रहे थे। धनियामऊ के पास ही एक तेज रफ्तार वाहन धक्का मारते हुए निकल गया। हादसे में पिंटू मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि मजदूरों को मामूली चोटें आईं। पिंटू को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना पड़ोसी जिले वाराणसी के मंगोलेपुर (चोलापुर) की 60 वर्षीय शारदा देवी पत्नी लुटावन यादव अपने नाती अभिषेक के साथ बाइक से डेढ़ वर्षीय पौत्र चिराग को झाड़-फूंक कराने रविवार की सुबह आठ बजे मोढ़ैला बाजार आई थीं। वापस जाते समय मोढ़ैला नहर के पास वाराणसी की तरफ से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। शारदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि नाती व पौत्र बाल-बाल बच गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी बीरीबारी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया। इसी स्थान पर एक पखवाड़ा पूर्व दुर्घटना में युवा दंपती की मौत हो गई थी।
तीसरी घटना शाहगंज की बीबीगंज पुलिस चौकी के प्रभारी एसआइ सुरेश कुमार शनिवार की शाम बाइक से जिला मुख्यालय से लौट रहे थे। खेतासराय बाजार के पास असंतुलित होकर बाइक सहित गिरने से घायल हो गए।
चौथी घटना क्षेत्र के कौड़िया तिराहा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तहसील के अधिवक्ता उमेंद्र निवासी छताईकला घायल हो गए।