पुलिस के सामने दो पक्षों में तड़तड़ाई गोलियां, दो लोगों घायल
जौनपुर जनपद के केराकत कोतवाली क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में शनिवार की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। आरोप है पुलिस के सामने दोनों तरफ से गोलियां और जमकर लाठी-डंडे चले। दो लोग घायल हो गए।
पुलिस गोली चलने से इन्कार कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट में भी लाठी-डंडे से चोटिल होने की बात सामने आई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं सुरक्षा को लेकर गांव में सतर्कता भी बरती जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक ऊसरपुर गांव के आनंद सागर दूध की बिक्री करते हैं। सुबह वह दूध दुहाने बाइक से जा रहे थे। रास्ते में छह लोगों को खड़े देख उन्हें लगा कि वे उनको घेरकर मारने की नीयत से खड़े हैं।
वह बाइक वहीं छोड़कर भाग गए। यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित का घर दिखाने को कहा। आनंद सागर पक्ष के करीब 20 लोग बाइक से पुलिस कर्मियों के साथ आरोपित धीरज यादव के घर परमानंदपुर पंहुचे।
आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही उन लोगों ने धीरज को मारने के लिए दौड़ा लिया और उनके पिता सितई यादव को पीटकर घायल कर दिया। जवाब में ग्रामीण हमलावरों को दौड़ाकर मारने लगे।
दोनों पक्षों की ओर से गोलियां चलाए जाने से गांव में दहशत फैल गई। गोलियां चलने पर पुलिस कर्मी भी वहां से खिसक लिए। मारपीट में आनंद सागर भी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। आनंद सागर का कहना था कि उन्हें गोली लगी है।