हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुए सड़क हादसे में मृत पांच लोगों में दो जौनपुर के हैं। इसमें ऋषभ राज गुप्त जौनपुर नगर के शकरमंडी के रसूलाबाद व सौरभ गुप्त न्यू कालोनी हुसेनाबाद के रहने वाले हैं। दोनों बीएचयू से आइआइटी करने के बाद वहीं नौकरी कर रहे थे।
दोनों दोस्त भी रहे। दोनों की मौत की जानकारी उनके माता-पिता को नहीं है। दोनों की मौत की जानकारी होने के बाद सौरभ के बड़े भाई सुमीत गुप्त शव लेने के लिए मित्रों के साथ कुल्लू रवाना हो गए हैं। दोनों के स्वजनों को सिर्फ अभी इतनी ही जानकारी है कि हादसे में सौरभ व रिशव घायल हुए हैं। दोनों को वहीं के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृत सौरभ गुप्त व रिशव गुप्त बीएचयू से आइआइटी करने के बाद दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। ऋषभ राज डीडीए में इंजीनियर रहा वहीं सौरभ एक निजी कंपनी में इंजीनियर था। ऋषभ राज के पिता जितेंद्र कुमार गुप्त कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता हैं वहीं मां गायत्री गुप्ता प्राथमिक विद्यालय सरायख्वाजा में प्रधानाध्यापक हैं।
वहीं सौरभ गुप्त के पिता बृजेश गुप्त दवा के कारोबारी हैं। बड़ा भाई सुमीत गुप्त भी दवा के ही काम में लगे हैं। वहीं मां गृहणी हैं। हादसे की जानकारी होने के बाद सुमीत माता-पिता को सौरभ के घायल होने के जानाकारी देने के कुल्लू रवाना हो गए हैं। दोनों परिवारों के घर के लोगों को दोनों होनहारों के मौत की जानकारी नहीं है।