जौनपुर जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र के करमहीं गांव में नाली का पानी बहाने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चलने से महिलाओं समेत 14 लोग घायल हो गए। इसमे से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताते चले कि उक्त गांव में एक माह पूर्व ब्लाक प्रमुख कोटे से सार्वजनिक नाली का निर्माण हुआ था। वीरेंद्र यादव उसी नाली में घर का पानी बहाने के लिए शनिवार की दोपहर में चैंबर बनवा रहे थे। लालमन यादव ने एतराज किया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। रात करीब नौ बजे फिर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट में एक पक्ष के वीरेंद्र यादव, अंबरीष यादव, पप्पू यादव, प्रेमशीला, मलौता देवी, शंकर यादव, राहुल यादव व आकाश यादव जबकि दूसरे पक्ष से लालमन यादव, पिंटू यादव व कल्लू यादव घायल हो गए। घायलों में पांच बीच-बचाव कर रहे थे। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।