जौनपुर जनपद के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र से 5 सितंबर की रात परदादी के साथ घर के बाहर सो रहे 11 माह के बच्चे को अगवा कर लिया गया था। घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका है। वही घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। दूसरी तरफ डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम लगाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं।
बताते चले कि मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के लौंह गांव में 5 सितंबर की रात 11 महीने के बच्चे को परदादी की गोद से अगवा कर लिया गया था। सत्यम पांडे अपनी परदादी प्रेमा देवी के साथ घर के बाहर सो रहा था। परदादी का कहना है कि आधी रात बदमाश सत्यम को उसकी गोद से उठाकर ले गए। रात में ठीक से वो पहचान नहीं पाई।
जब तक वह शोर मचाती तब तक बदमाश बच्चा लेकर भाग गया था। प्रेमा देवी के चीखने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। ग्रामीण और पुलिस ने अलग-अलग इलाकों पर चेकिंग भी शुरू की। लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस द्वारा 6 सितंबर को डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली गई। किन्तु अब तक बच्चे का पता नही चल सका।
वही घटना के बाद से जौनपुर में बच्चा चोरी की अफवाह को धार मिल गई थी। अलग-अलग इलाकों में कई जगहों पर लोगों ने बच्चा चोर समझकर कई लोगों की पिटाई भी की। पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाह के मामले में अलग-अलग थानों में मारपीट करने वाले दर्जन भर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया।