जौनपुर जनपद के मछलीशहर के कजियाना मोहल्ला में मजदूरों की आंखें तब चमक उठीं जब जमीन खोदाई के दौरान एक तांबे के लोटे में सोने के सिक्के मिले। हालांकि उन्होंने इस बात की भनक किसी को नहीं लगने दी। किसी तरह जानकारी के बाद पुलिस ने सिक्कों को कब्जे में ले लिया है। सभी सिक्के अंग्रेजी हुकूमत के समय के हैं। मजदूरों से पूछताछ जारी है। कुछ मजदूर फरार हैं। मछलीशहर पुरानी बाजार की नूरजहां पत्नी इमाम अली राइन कजियाना मोहल्ले में रहती हैं। मकान के पीछे शौचालय निर्माण के लिए गड्ढे की खोदाई बीते मंगलवार को हो रही थी। राजाबाबू और उसके पांच साथी काम कर रहे थे। करीब ढाई फीट भूमि खोदने के बाद एक बर्तन खनखना उठा। देखा तो वो तांबे का लोटा था। खोलने पर उसमें सोने के सिक्के दिखे।
तांबे के लोटे में थे कितने सिक्के, अब तक 10 बरामद
इसके बाद नूरजहां के बेटे ने काम कर रहे मजदूरों से सिक्के मांगे उसे एक सिक्का दिया गया। शाम होते-होते घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची। प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक मौके पर पहुंचे। नूरजहां के पुत्र के साथ मजदूरों के पास गए। मजदूरों ने पहले तो ऐसी किसी घटना से इनकार किया मगर पुलिस ने सख्ती बरती तो उन्होंने सोने के सिक्के मिलने की बात स्वीकार की। मजदूरों ने पुलिस को सोने के 9 सिक्के दिए। इस प्रकार कुल 10 सिक्के पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। तांबे के लोटे में कितने सिक्के थे ये अभी तक साफ नहीं है। पुलिस मजदूरों से पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक ने कहा कि मैं मौके पर गया था। मजदूरों से संपर्क किया गया तो कुल 10 सिक्के मिले। सभी सिक्कों को सरकारी खजाने में जमा कर दिया गया है। मजदूरों से पूछताछ जारी है।