बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मदापुर गांव में रविवार को खलिहान की भूमि पर बने पक्के मकान को प्रशासन के बुलडोजर से गिरा दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की गई। इससे अवैध अतिक्रमणकारियों में भय व्याप्त हो गया। गांव के महेंद्र सिंह, विनोद सिंह, प्रमोद सिंह, संतोष सिंह, सुरेंद्र सिंह ने खलिहान खाते की भूमि पर पक्का मकान का निर्माण करवा लिया था। गांव वालों ने मकान निर्माण कराने के दौरान तत्कालीन तहसीलदार से शिकायत किया था। हल्का लेखपाल मिथिलेश कुमार मिश्र ने लोगों को खलिहान की भूमि में मकान न बनाने के लिए कहा था, लेकिन लेखपाल की बात को गंभीरता से नहीं लिया। खलिहान की भूमि पर मकान बना डाला। लेखपाल मिथिलेश मिश्र ने 115 सी की कार्रवाई भी 2021 में की थी। इसी दौरान गांव के ही शिवप्रसाद सिंह ने उच्चन्यायालय में एक परिवाद दाखिल किया कि विपक्षी गण सुरेंद्र, महेंद्र, विनोद, प्रमोद, संतोष , आंसू सिंह द्वारा खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण कराया गया गया है। न्यायालय ने तहसीलदार राकेश कुमार को निर्देशित किया कि तीन माह के भीतर मामले का निस्तारण कर कार्रवाई से अवगत कराए। जिसके क्रम में तहसीलदार ने 15 नवंबर को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के लिए कहा था, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया।