जौनपुर जनपद के करंजाकला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के चंबलतारा में बृहस्पतिवार की भोर में ग्राम पंचायत सचिव पर नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। सचिव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक रवीश कुमार मौर्या (42) ब्लाक रामपुर में ग्राम पंचायत सचिव पद पर तैनात हैं। सरायख्वाजा क्षेत्र में उनका कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र भी है। बृहस्पतिवार को सुबह टहल रहे थे। इस दौरान नकाब लगाए आए तीन बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े। लोगों से घिरता देखकर बदमाश भाग गए। घायल रवीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला ने कहा कि सीढ़ी को लेकर विवाद हुआ था। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।