जौनपुर जनपद के जौनपुर यातायात माह बीत गया। चालान भी हुए और जागरूकता अभियान भी चले। नवंबर बीतते ही यह रस्म अदायगी भी खत्म हो गई। अब बाइक पर तीन सवारियां भी चल रही हैं। हेलमेट तो ज्यादातर लोगों ने घर की खूंटी पर टांग दिया है। अब हादसा हो तो अपनी बला से।यातायात माह के हफ्ते भर बाद सोमवार को सड़क सुरक्षा के नियमों की हकीकत जानने की कोशिश की गई तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। यातायात पुलिस के सामने से बाइक पर तीन सवारियां और वह भी बिना हेलमेट के बेखटक गुजरती दिखीं। जौनपुर के जेसीज चौराहे पर यातायात पुलिस के सामने ही नियम टूटते नजर आया। शाहगंज में भी हालात ऐसे ही दिखे, जहां एक बाइक पर चार-चार सवार नजर आए। यातायात माह में जागरूकता के बावजूद हर दिन कोई न कोई हादसा हुआ। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार एक माह में 30 हादसे हुए। इनमें 17 लोगों को जान गंवानी पड़ी और 14 इलाज करा रहे हैं। इनमें से सात को गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान यातायात पुलिस ने 10345 लोगों का चालान किया। उनसे 12 लाख 93 हजार रुपये के जुर्माना की वसूली की गई। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे हैं।
यातायात नियमों का पालन लोगों को करना चाहिए। इससे वे ही सुरक्षित रहेंगे। बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है।-कुलदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी, यातायात