जौनपुर : प्रेमी युगल का पुलिस ने थाना परिसर में कराया शादी
Jaunpur : खेतासराय थाना पुलिस की पहल पर रविवार को थाना परिसर में प्रेमी युगल ने दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में मंदिर में विवाह कर लिया। लड़की पक्ष की शिकायत पर दोनों पक्ष के लोग थाने पर पहुंचे थे।
रूधौली गांव निवासी सूरज व कोतवाली थाना क्षेत्र के चिपसारी निवासी रूबी सोनकर की मुलाकात खेतासराय थाना क्षेत्र के एक गांव में वैवाहिक समारोह में डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। तब से दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला चल रहा था। इस बात की जानकारी दोनों के परिजनों को भी हो गई थी। लड़के पक्ष के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।
लड़की के पिता ने इस संबंध में लड़के पक्ष के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रविवार को दोनों पक्षों को थाना में बुलाया। जहां दोनों परिवारों को समझाबुझाकर दोनों की शादी थाना परिसर स्थित मंदिर में ही करा दी। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवक व युवती बालिग थे। दोनों के परिजनों को राजी करके शादी करा दी गई।