बदलापुर में चल रहे दो दिवसीय बदलापुर महोत्सव में बुधवार रात्रि में भोजपुरी अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह के गाने के दौरान ईंट पत्थर चलने लगे। इस घटना से नाराज होकर अक्षरा सिंह को कार्यक्रम को बीच में छोड़ कर जाना पड़ा। अक्षरा सिंह के जाने के बाद नाराज दर्शकों द्वारा कुर्सियां उछाली गई और जमकर उत्पात मचाया गया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

दरअसल जौनपुर के बदलापुर में दो दिवसीय बदलापुर महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। बुधवार को इस महोत्सव में भोजपुरी अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह का कार्यक्रम था। रात करीब 9:45 बजे अक्षरा सिंह स्टेज पर पहुंची और ‘जान मारे लहंगा ई लखनऊआ’ गाने से उन्होंने गाना शुरू किया। कार्यक्रम देखने के लिए वहां पर काफी संख्या में दर्शक पहुंचे थे, अक्षरा सिंह के गाना गाते ही दर्शकों द्वारा जमकर हूटिंग की जाने लगी। इसी बीच कुछ लोग स्टेज पर ईंट पत्थर फेंकने लगे।
स्टेज पर ईंट पत्थर फेंके जाने के बाद अक्षरा सिंह द्वारा दशकों से अनुरोध किया गया कि ईंट पत्थर न फेंकें, लेकिन दर्शक नहीं माने। बाद में आयोजकों द्वारा भी दर्शकों से अनुरोध किया जाने लगा बावजूद इसके लोग जमकर हूटिंग करते रहे और अपशब्द बोलते रहे। करीब 20 मिनट तक गहमागहमी चलती रहेगी उसके बाद अक्षरा सिंह को कार्यक्रम बीच में छोड़कर स्टेज से उतरना पड़ा। अक्षरा सिंह के स्टेज पर के उतरने के बाद कार्यक्रम में मौजूद अन्य दर्शक भी आक्रोशित हो गए।

अक्षरा सिंह के स्टेज से उतरकर जाने के बाद आयोजकों द्वारा कहा जाता रहा कि शांति बनाने के बाद अक्षरा सिंह को पुनः स्टेज पर बुलाया जाएगा। इसी दौरान स्टेज से ही किसी ने यह अनाउंसमेंट कर दिया कि अक्षरा सिंह बनारस लौट गई हैं और अब अक्षरा सिंह स्टेज पर नहीं आएंगी। यह बात सुनते ही वहां पर मौजूद अन्य दर्शक भी उग्र हो गए और हवा में कुर्सियों को उछालने लगे। भीड़ अधिक होने के चलते कार्यक्रम में भगदड़ जैसी स्थिति देखने को मिली। काफी संख्या में मौजूद भीड़ को काबू में करने में आयोजक मंडल भी नाकाम दिखा।