जौनपुर: पिकअप के धक्के से वृद्ध महिला घायल, नातिन बोनट में फंसी
जौनपुर जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर शुक्रवार की दोपहर हो रही बारिश के बीच दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक महिला गोद में एक साल की अपनी नातिन को लेकर पैदल ही जा रही थी तभी उधर से जा रही पिकअप की चपेट में आ गयी। पिकअप के धक्के से महिला दूर जा गिरी। उसकी गोद की बच्ची पिकअप के बोनट में फंस गयी। चालक पकड़े जाने के भय से बच्ची समेत फरार हो गया। देर शाम आठ बजे तक बच्ची का कुछ पता नहीं चला।
मिली जानकारी के मुताबिक
उधर महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जिला अस्पताल में लाइन बाजार थाने की पुलिस महिला व परिवार के लोगों से जानकारी लेने में जुटी रही। हैरानी इस बात की है कि पिकेट पर आधा दर्जन सिपाहियों की ड्यूटी होने के बाद भी इस तरह से पिकअप चालक जेसीज से भागने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार खेतासराय थाना क्षेत्र के तारगहना गांव के अतवारू बिंद की पत्नी निर्मला देवी अपनी एक वर्ष की नतिनी को लेकर किसी कार्य से शहर आई थीं। वह बच्ची को गोद में लेकर पैदल जेसीज चौराहा से वाजिदपुर तिराहा की ओर जा रही थी। करीब 12.30 बजे पीछे से जा रही तेज रफ्तार पिकअप से महिला को धक्का लग गया। निर्मला देवी छिटककर सड़क किनारे गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। गोद में मौजूद बच्ची उछलकर बोनट पर गिरी और उसी में फंस गई। पिकअप चालक बच्ची को लेकर वाजिदपुर की तरफ भाग गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने लाइन बाजार थाने पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे टीडी कालेज पुलिस चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने 108 एंबुलेंस बुलाकर महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। साथ में कोबरा पुलिस मौजूद रही।
पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि रास्ते में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के सहारे पिकअप व चालक को चिह्नित कर बच्ची की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। देर शाम खबर लिखे जाने तक पिकअप व बच्ची का पता नहीं चल सका था। इस बारे में इंस्पेक्टर लाइन बाजार अखिलेश मिश्र ने बताया कि खोजबीन जारी है। शीघ्र ही पता चल जाएगा।